तीन बच्चे पर पेंच, जुड़वा पर क्लीन चिट… आदित्यपुर मेयर चुनाव में मचा सियासी घमासान


आदित्यपुर:- सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम में मेयर पद का चुनाव लगातार रोचक होता जा रहा है। शुक्रवार को चुनावी प्रक्रिया के दौरान तीन प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जबकि एक वार्ड सदस्य प्रत्याशी का नामांकन तीन बच्चे होने के कारण रद्द कर दिया गया। यह मामला चर्चा में तब आ गया, जब मेयर पद के उम्मीदवार भुगलु सोरेन को जुड़वा बच्चे होने के बावजूद चुनाव लड़ने के लिए योग्य माना गया।
इधर, झामुमो ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की विधानसभा सीट माने जाने वाले क्षेत्र में आदित्यपुर नगर निगम चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने मेयर प्रत्याशी भुगलु सोरेन को आधिकारिक समर्थन दिया है। इसके साथ ही झामुमो नेता एवं पूर्व भाजपा नेता गणेश महाली की पत्नी शकुंतला महाली, प्रभासिनी कालुंडिया और सनातन हांसदा ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं, जिससे चुनावी समीकरणों में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है।
नामांकन वापसी के बाद अब मेयर पद के लिए कुल नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। इनमें रविन्द्र बास्के, रमेश बालमुचु, सकला मार्डी, सावित्री लेयांगी, संजय सरदार, बारी सोरेन, बास्को बेसरा, बीनोती हांसदा और भुगलु सोरेन शामिल हैं।
वहीं दूसरी ओर, जुड़वा बच्चों के आधार पर नामांकन रद्द किए जाने के फैसले के खिलाफ वार्ड संख्या 24 के उम्मीदवार अभी मुखी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है। इस घटनाक्रम के बाद आदित्यपुर नगर निगम चुनाव और अधिक दिलचस्प तथा चर्चाओं में आ गया है।




