सोनमर्ग में भयानक हिमस्खलन,


जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोनमर्ग में मंगलवार देर रात एक बड़े हिमस्खलन ने दस्तक दी। गनीमत यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बुधवार को पुष्टि की कि प्रशासन की मुस्तैदी और पूर्व चेतावनी के चलते बड़ा हादसा टल गया।अधिकारियों के अनुसार, यह हिमस्खलन मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग रिसॉर्ट में मंगलवार रात 10:12 बजे आया। सोनमर्ग के व्यापार मंडल अध्यक्ष, फुरकान शेरा ने बताया कि हिमस्खलन सोनमर्ग के ‘ट्रक यार्ड’ क्षेत्र में हुआ।
यह पूरा वाकया वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे बर्फ के एक विशाल पहाड़ ने इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। पल भर में ही सारी इमारतें सफेद चादर से ढक गईं। हिमस्खलन के कारण तेज हवाएं चलीं, जिसका असर पास के सोनमर्ग गांव तक महसूस किया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।एक स्थानीय निवासी ने बताया, “यह हमारे लिए नई बात नहीं है. यहां अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं. वीडियो में जो दिख रहा है, वह ज़्यादातर हिमस्खलन से उठी तेज़ हवा और बर्फ का गुबार है. घबराने जैसी कोई बात नहीं है.”प्रशासन ने भी स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है. अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल कोई आपात स्थिति नहीं है और इलाके में सामान्य हालात बने हुए हैं. सोनमर्ग में पर्यटन गतिविधियां भी सामान्य रूप से जारी हैं और सड़कों या आवागमन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है.
हालांकि, प्रशासन ने एहतियातन पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम खराब रहने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
फिलहाल सोनमर्ग के लोग और कारोबारी उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले दिनों में मौसम साफ होगा और हालात पूरी तरह सामान्य हो जाएंगे.




