सुरेश रैना ने कोच गौतम गंभीर को दिया खुला समर्थन: “टीम अगर ठीक नहीं चल रही, तो कोच को नहीं हटाया जाना चाहिए”


दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने राष्ट्रीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर जारी आलोचनाओं पर खुलकर समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि अगर टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है, तो सीधे कोच को हटाना समाधान नहीं है, बल्कि वास्तविक कारणों का विश्लेषण किया जाना चाहिए।

रैना ने कहा कि गंभीर ने लगातार मेहनत की है और उनका योगदान टीम के सफेद-गेंद प्रारूप में शानदार रहा है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सीमित ओवरों में भारत ने I C C चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप जीतें हैं, जिसमें उनके कोचिंग प्रभाव का हाथ रहा।
उनका मानना है कि कोच का कर्तव्य मार्गदर्शन देना और टीम को सही दिशा में ले जाना है, लेकिन स्कोर करना तथा प्रदर्शन करना तो खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन में सुधार नहीं करते, तो केवल कोच को दोष देना न्याय संगत नहीं होगा।
रैना ने चयन प्रक्रिया तथा घरेलू क्रिकेट की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नियमित रूप से घरेलू स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहिए क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय सफलता की नींव है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि टेस्ट और लिमिटेड-ओवर प्रारूपों के बीच अचानक बदलाव खिलाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव डाल रहा है।
अब आगामी वनडे सीरीज में टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों की वापसी को लेकर रैना उत्साहित दिखे। उनका मानना है कि इस तरह का समायोजन टीम को नई ऊर्जा देगा और प्रदर्शन सुधारने में मदद करेगा।



