जमशेदपुर में नशा कारोबार पर सख्ती, DC कर्ण सत्यार्थी ने दिए कड़े निर्देश


जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा की गई। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और सेवन रोकने के लिए चल रहे अभियानों पर विस्तृत चर्चा हुई।
उपायुक्त ने टोल फ्री नंबर 112 पर प्राप्त नार्कोटिक्स हेल्पलाइन कॉल का रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने तकनीकी समस्याओं को दूर कर ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दवा दुकानों में प्रतिबंधित दवाओं की सूची प्रदर्शित करने के आदेश की समीक्षा में पाया गया कि करीब 600 पंजीकृत दुकानों में से केवल 100 ने सूची लगाई है। इस पर ड्रग इंस्पेक्टर को एक सप्ताह में सभी दुकानों में डिस्प्ले सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बिना डॉक्टर के पर्चे के दवा बिक्री पर भी कड़ी निगरानी के आदेश दिए गए।
शैक्षणिक संस्थानों के प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी लगाने तथा कम से कम एक माह का बैकअप रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही 100 मीटर की परिधि में नशा संबंधित वस्तुओं की बिक्री रोकने को कहा गया।
स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने और ठेला-गुमटी में सिगरेट व अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री हतोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। नशा कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और युवाओं को जागरूक करने पर बल दिया गया।
नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्रों की समीक्षा करते हुए भर्ती व्यक्तियों के नियमित स्वास्थ्य जांच, काउंसलिंग और सरकारी सहायता सुनिश्चित करने को कहा गया।
थाना प्रभारियों को इंटेलिजेंस मजबूत कर नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बैठक में आम नागरिकों से अपील की गई कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन या परिवहन की सूचना 112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर दें।
बैठक में एसपी ग्रामीण ऋषभ गर्ग, रेल एसपी अजीत कुमार, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीटीओ धनंजय, एडीएम एसओआर राहुल आनंद, डीएसपी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



