बजट की ‘मार’ से संभला शेयर बाजार, सेंसेक्स 300 अंक चढ़ा


दिल्ली: बजट के दिन कल मचे कोहराम के बाद आज भी घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार की शुरुआत की, लेकिन जल्द ही हरे निशान में लौट आए. सोमवार सेंसेक्स 167.26 अंकों की गिरावट के साथ 80,555.68 अंकों पर खुला. निफ्टी 50 इंडेक्स भी 28.95 अंकों के नुकसान के साथ 24,796.50 अंकों पर कारोबार की शुरुआत की. रविवार को सेंसेक्स 1546.84 अंक टूटकर 80,722.94 अंकों पर और निफ्टी 495.20 अंकों गिरकर 24,825.45 अंकों पर बंद हुआ था. सोमवार सुबह 9:35 बजे सेंसेक्स 323 अंक चढकर 81050 पर कारोबार कर रहा था.निफ्टी 50 भी आज 38 अंक चढकर 24850 अंकों पर ट्रेड कर रहा था.विश्लेषकों का मानना है कि बजट के बाद ट्रेडर अपनी पुरानी पोज़िशन को दोबारा आंक रहे हैं, जिससे बाजार फिलहाल किसी एक दिशा में स्थिर नहीं हो पा रहा है. तकनीकी रूप से निफ्टी 25,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे बना हुआ है, जो इसकी कमजोरी को दर्शाता है. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी के लिए निकट अवधि में 24,650–24,700 का दायरा एक बेहद महत्वपूर्ण सपोर्ट ज़ोन के रूप में उभरा है. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स के मुताबिक, निफ्टी ने 24,580 के डाउनसाइड लक्ष्य को छूने के बाद एक पुलबैक रैली दिखाई है, जिससे रिकवरी की उम्मीदें तो जगी हैं, लेकिन जोखिम अभी टला नहीं है.इस समय सबसे बड़ी चिंता डेरिवेटिव्स (F&O) ट्रेड्स पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में की गई तेज बढ़ोतरी को लेकर है. निवेशकों को डर है कि इस कदम से बाजार के ट्रेडिंग वॉल्यूम और लिक्विडिटी पर नकारात्मक असर पड़ेगा. हालांकि बजट का व्यापक विजन राजकोषीय अनुशासन और विकास पर केंद्रित है, लेकिन टैक्स से जुड़ी इस ‘नी-झर्क’ प्रतिक्रिया ने फिलहाल निवेशकों को रक्षात्मक मुद्रा में ला दिया है.

बाजार में मची तात्कालिक खलबली के बावजूद विशेषज्ञ इसे लंबी अवधि के लिए एक बेहतरीन बजट मान रहे हैं. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के अनुसार, कल की गिरावट महज एक तात्कालिक प्रतिक्रिया थी. उन्होंने बताया कि बजट में अनुमानित 10% नॉमिनल GDP ग्रोथ को हासिल करना संभव है, जिससे वित्त वर्ष 2027 में कॉरपोरेट अर्निंग (कमाई वृद्धि) लगभग 15% तक रह सकती है.



