मानगो में सोलर लाइट बंद, बैटरी चोरी या घोटाला? भाजपा नेता विकास सिंह ने लगाए गंभीर आरोप

0
Advertisements
Advertisements

जमशेदपुर :- मानगो क्षेत्र में कुछ माह पहले लगाई गई अधिकांश सोलर लाइटें अब बंद हो चुकी हैं। उद्घाटन के समय चमचमाती ये लाइटें अब लोगों के लिए मायूसी का कारण बन गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई पोल में बैटरी ही नहीं है, जिसके कारण लाइटें जल नहीं रही हैं।

भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने इस मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी व्यस्त सड़क पर लगे ऊंचे और पतले पोल पर चढ़कर बैटरी चोरी करना आसान नहीं है। उनके मुताबिक, “संभव है कि उद्घाटन के बाद ही कार्य करने वाली एजेंसी के लोग बैटरी खोलकर ले गए हों।”

विकास सिंह का आरोप है कि कई योजनाओं में एजेंसियों का उद्देश्य केवल उद्घाटन कराना और जनप्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों को खुश करना होता है। उन्होंने कहा कि मोटी रकम के लेन-देन के कारण आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि सोलर लाइट योजना में एक बड़ा “बैटरी घोटाला” हुआ है, लेकिन विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। विकास सिंह ने कहा कि वह उद्घाटन के दिन से ही इस मामले को उठा रहे हैं और लगातार कह रहे हैं कि सोलर लाइट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है।

उन्होंने यह भी कहा कि आजादी के बाद पहली बार मानगो के हिंदू बहुल क्षेत्र में एनडीए की इतनी किरकिरी हुई है, जिसके कई कारण हैं। उन्होंने लोगों से एक वीडियो देखने की अपील करते हुए कहा कि उसमें सोलर लाइटों की असल स्थिति साफ दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि मानगो के शंकोसाई रोड नंबर-5 से तुरियाबेड़ा को जोड़ने वाली सड़क पर लगी सोलर लाइटों की हालत बेहद खराब है। कई पोल पर बैटरी गायब है और लाइटें पूरी तरह बंद पड़ी हैं।

अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर सोलर लाइट की बैटरियां गई कहां? क्या यह चोरी का मामला है या फिर किसी बड़े घोटाले की ओर इशारा करता है। स्थानीय लोग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed