लखनऊ में खामेनेई मौत पर शिया समुदाय ने तीन दिन के शोक का ऐलान, कैंडल मार्च और विरोध प्रदर्शन


लखनऊ : ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद यहां के शिया समुदाय में गहरा शोक और रोष देखा जा रहा है। समुदाय के नेताओं ने तीन दिन के शोक का ऐलान किया है और इस दौरान कई कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।समुदाय के प्रमुख धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने लोगों से इस शोक में एकजुटता दिखाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि इन तीन दिनों में घरों, इमामबाड़ों और धार्मिक स्थलों पर काले झंडे लगाए जाएं और श्रद्धांजलि दी जाए। दुकानदारों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठान बंद रखें ताकि शोक का माहौल बना रहे।

शोक के कार्यक्रम के तहत आज रात 8 बजे लखनऊ के छोटे इमामबाड़ा में एक कैंडल मार्च और शोकसभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें लोग मोमबत्तियां जलाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और खामेनेई के प्रति सम्मान दिखाएंगे।कुछ इलाकों में लोगों ने शहर की सड़कों पर भी विरोध प्रदर्शन करते हुए अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी की है। लोग इस कार्रवाई को एक “धोखे और अन्याय” के रूप में बता रहे हैं और इसे खामेनेई के प्रति सम्मान का अपमान मानते हैं।समुदाय के लोगों का कहना है कि यह शोक केवल धार्मिक भावनाओं तक सीमित नहीं है बल्कि एकजुटता और सम्मान का प्रतीक भी है। शहर के शिया वर्ग के कई लोग कार्यक्रमों में भाग लेने की तैयारी में हैं और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के अतिरिक्त इंतज़ाम भी किए गए हैं।



