टेल्को में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान कार-बाइक की जोरदार टक्कर, युवक की हालत गंभीर


जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में रविवार सुबह ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। घटना स्टेडियम के पास हुई, जहाँ ट्रैफिक पुलिस की टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी।

उसी दौरान एक सफेद कार तेज रफ्तार में वहां से गुज़र रही थी। बताया गया कि चालक ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था और पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। अचानक ब्रेक लगाने और गाड़ी को बाईं ओर मोड़ने के दौरान कार ने पास से गुजर रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत अभी भी नाज़ुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने ट्रैफिक पुलिस पर चेकिंग के दौरान लापरवाही का आरोप भी लगाया। कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
इस बीच कार चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने ऐसे हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक चेकिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।



