रूसी नागरिकों को मिलेगा 30 दिन का मुफ्त वीजा,


दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति दो दिनों के भारत दौरे पर हैं। आज यात्रा के दूसरे दिन उनका राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय वार्ता की। इस वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने एक साझा बयान जारी किया है। राष्ट्रपति पुतिन के साथ साझा बयान में PM मोदी ने कहा कि भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह चमक रही है। पीएम मोदी ने बताया कि दोनों देशों ने सभी मंचों पर सहयोग और संवाद जारी रखने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि भारत सभी रूसी नागरिकों के लिए 30 दिन का नि:शुल्क ई-टूरिस्ट वीजा जारी करेगा. मिलकर वोकेशनल एजुकेशन, स्किलिंग और ट्रेनिंग पर भी काम करेंगे। दोनों देशों के स्कॉलर्स और खिलाड़ियों का आदान-प्रदान बढ़ेगा।’रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने साझा बयान के दौरान कहा, रूसी प्रतिनिधिमंडल के शानदार स्वागत के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और सभी भारतीय सहयोगियों का धन्यवाद। पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारा सहयोग खाद्य सुरक्षा और किसान कल्याण के लिए भी महत्वपूर्ण है। दोनों पक्ष साथ मिलकर यूरिया उत्पादन के प्रयास कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाना हमारी मुख्य प्राथमिकता है। ऊर्जा सुरक्षा भारत-रूस साझेदारी का मजबूत और महत्वपूर्ण पहलू रहा है। हम इस विन-विन सहयोग का जारी रखेंगे। अहम खनिजों पर हमारा सहयोग भी महत्वपूर्ण है। इससे स्वच्छ ऊर्जा और हाईटेक विनिर्माण के क्षेत्र में हमारी साझेदारी को बल मिलेगा।’पीएम मोदी ने कहा, ‘यू्क्रेन के संबंध में भारत ने हमेशा से शांति का पक्ष रखा है। हम इस मुद्दे के स्थायी समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों का स्वागत करते हैं। भारत अपना योगदान देने के लिए हमेशा तैयार रहा है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और रूस ने हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया है। भारत का अटल विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा प्रहार है और इसके विरूद्ध वैश्विक एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।’




