चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, तैयारी अब घर बैठे संभव


देहरादून : उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आज सुबह से शुरू हो गई है। राज्य पर्यटन विभाग ने बताया है कि 6 मार्च को सुबह 7 बजे से श्रद्धालु घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से पंजीकरण कर सकते हैं। यह पंजीकरण सभी तीर्थयात्रियों के लिए अनिवार्य है ताकि यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।

श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन के लिए आधिकारिक पोर्टल registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जा सकते हैं या “Tourist Care Uttarakhand” मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। वेबसाइट या ऐप पर नाम, पहचान विवरण, यात्रा तिथियां और दर्शन करने वाले धामों का चयन करना होता है। सफल पंजीकरण के बाद एक पंजीकरण संख्या मिलती है, जिसे यात्रा के दौरान साथ रखना जरूरी है।
इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया से शुरू होगी। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट इसी दिन खुलेंगे, जिसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी 17 अप्रैल से मुख्य स्थानों पर उपलब्ध होगी ताकि डिजिटल सुविधा न रखने वाले श्रद्धालु भी पंजीकरण कर सकें।



