17 राज्यों में बारिश-तूफान का अलर्ट, 75 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं


नई दिल्ली : देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदलने वाला है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर और मध्य भारत सहित कुल 17 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों जैसे तेलंगाना और तमिलनाडु में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है और बताया है कि कई इलाकों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।



