पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट,


Punjab: पहले कड़ाके की ठंड और फिर दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बाद अब मौसम विभाग का कहना है कि आज से कई राज्यों में मौसम करवट लेगा। इस दौरान कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है और कुछ राज्यों में तेज हवाएं चलेंगी और बिजली गरज सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी की देर शाम या रात को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश की शुरुआत होने के संकेत हैं। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश होने की संभावना है। 24 जनवरी को बारिश में कमी आने के बाद 25 जनवरी को मौसम शुष्क हो जाने की संभावना है।राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, जम्मू कश्मीर लद्दाख में 22 और 23 जनवरी को बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में कल बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में आज और कल 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 23 जनवरी तक कोहरा और धुंध का माहौल रहेगा। पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों और बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर कोहरा छाया रहेगा।राजस्थान में गुरुवार को 6 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला फिलहाल थमने वाला नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक के बाद एक नए सिस्टम सक्रिय हो रहे हैं। इसी कड़ी में अगले सप्ताह एक और सिस्टम प्रभावी होगा, जिससे 26 से 28 जनवरी के बीच मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा।दिन में हल्की गर्मी और रात में सर्दी जारी है। बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने के बाद अगले 72 घंटों तक उतार-चढ़ाव भरा मौसम बना रहेगा। अफगान-पाकिस्तान से सटे क्षेत्र के लिए आया विक्षोभ हल्का साबित हुआ लेकिन उत्तर पूर्वी ईरान से आ रहा विक्षोभ अधिक सशक्त है। इससे 23 जनवरी को यूपी समेत छह राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को हवा की दिशा फिर उत्तर पश्चिमी हो गई। यही नहीं इसकी रफ्तार औसतन तीन किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। यह हवाएं सर्द तो थीं लेकिन बर्फीली नहीं थीं। फिर भी दिन के तापमान में मंगलवार के मुकाबले किसी तरह का बदलाव नहीं आया। अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 24.6 डिग्री बना रहा जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है।




