पोटका में पीडीएस राशन घोटाले का आरोप, तीन माह से पंचिंग के बाद भी अनाज नहीं मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश

0
Advertisements
Advertisements

पोटका: पोटका प्रखंड के ग्वालकाटा पंचायत में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े एक गंभीर मामले ने तूल पकड़ लिया है। यहां पीडीएस दुकानदार मिकी हांसदा पर आरोप है कि पिछले तीन महीनों से लाभुकों की ई-पॉस मशीन में पंचिंग लेने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

मामले को लेकर कार्डधारियों में गहरा असंतोष है। इस संबंध में सुधीर सोरेन ने प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी निकिता बाला को जानकारी देते हुए तत्काल लाभुकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने और संबंधित डीलर पर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकानदार ने नवंबर, दिसंबर और जनवरी माह का राशन देने के नाम पर लाभुकों से ई-पॉस मशीन में तीनों महीनों की पंचिंग करा ली, लेकिन वास्तविक रूप से अनाज का वितरण नहीं किया गया।

बुधवार को राशन वितरण की तिथि तय की गई थी। जब ग्रामीण दुकान पर राशन लेने पहुंचे तो दुकान बंद मिली। दुकानदार से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। इससे नाराज लाभुकों ने मामले की सूचना सुधीर सोरेन को दी।

सुधीर सोरेन ने बताया कि ग्वालकाटा पंचायत के सुदूर और पहाड़ी इलाकों के गांव—फुटकोचा, मोहनाडीह, तिरिलघुटु, साशोनघुटू, पांडूवाकोचा, धातडीगोड़ा, साहरघुटु, गोड़ग्राम और बलीयागोडा—के ग्रामीण इसी पीडीएस दुकान पर निर्भर हैं। ऐसे में राशन नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि दुकानदार के इस रवैये से स्थानीय विधायक और सरकार की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। मांग की गई है कि संबंधित डीलर पर कानूनी कार्रवाई की जाए और शुक्रवार तक तीन माह का राशन लाभुकों को अनिवार्य रूप से दिया जाए। अन्यथा, जनहित में झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed