बहरागोड़ा में जंगल की आग से मची अफरा-तफरी, एनएच-18 किनारे दुकानों तक पहुंची लपटें


बहरागोड़ा : सरायकेला-खरसावां जिले के बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एनएच-18 स्थित झरिया मोड़ के पास जंगल में लगी आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शरारती तत्वों द्वारा जंगल में आग लगाई गई थी। इसकी चपेट में आकर विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों छोटे पौधे जलकर नष्ट हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे सड़क किनारे स्थित लाइन होटलों और अन्य दुकानों तक पहुंचने लगीं।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय दुकानदार और होटल संचालक तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी।
सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम समय पर मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझाए जाने से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।
हालांकि, इस घटना से पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचा है। जंगल क्षेत्र में लगी आग से हरियाली को नुकसान हुआ है और छोटे पौधों के जलने से जैव विविधता पर भी असर पड़ा है। स्थानीय लोग इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।



