झारखंड BJP अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन, इस नेता के नाम पर कल लगेगी मुहर


Jharkhand: भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने सोमवार को औपचारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल किया।नामांकन प्रक्रिया के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिला कि पार्टी नेतृत्व उनके नाम पर सहमत है।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, सांसद बिद्युत बरण महतो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।बीजेपी के प्रदेश चुनाव अधिकारी और सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया 13 और 14 जनवरी को संपन्न होगी. नामांकन की प्रक्रिया के लिए 13 जनवरी को रांची स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक का समय तय किया गया था.
पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठन और केंद्रीय नेतृत्व में आदित्य साहू के नाम पर व्यापक सहमति बन चुकी है. आदित्य साहू वर्तमान में कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में संगठन की कमान संभाल रहे हैं. संगठनात्मक अनुभव, कार्यशैली और राज्य भर में पकड़ को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व उन्हें पूर्णकालिक जिम्मेदारी सौंपने के पक्ष में है.
प्रो आदित्य साहू का राजनीतिक सफर
वैश्य समुदाय से आते हैं आदित्य साहू. पूर्व में झारखंड प्रदेश भाजपा में उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित कई प्रमुख पदों पर रहे.वर्तमान में प्रो आदित्य साहू प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष हैं .61 वर्षीय साहू शिक्षण के क्षेत्र से जुड़े रहे.2019 तक राम टहल चौधरी कॉलेज के व्याख्याता के रूप में कार्यरत रहे.जुलाई 2022 में राज्यसभा के लिए चुने गए.सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण नियुक्ति. वैश्य समुदाय के बीच भाजपा की गहरी पैठ



