नेपाल में एक बार फिर बवाल, सड़क पर उतरे Gen-Z


नेपाल: भारत से सटे नेपाल के बारा जिले के कुछ इलाकों में ‘जेन-जी’ युवाओं और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की पार्टी सीपीएन-यूएमएल के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद बुधवार को कर्फ्यू लगा दिया गया। बारा जिला प्रशासन ने बताया कि सिमरा हवाई अड्डे के 500 मीटर के दायरे में दोपहर 12:30 बजे से रात 8 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। दरअसल, सैकड़ों ‘जेन-जी’ युवा वहां नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) यानी सीपीएन-यूएमएल के खिलाफ नारे लगाते हुए जमा हो गए थे।बताया जा रहा है कि गुरुवार को भी प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। सुबह से ही सिमरा की सड़कों पर लोग जमा होने लगे और पुलिस के साथ उनकी झड़पें शुरू हो गईं। इस घटना के बाद प्रशासन ने स्थिति को काबू में करने के लिए दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया है। सहायक मुख्य जिला अधिकारी छविराम सुबेदी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को फोन पर बताया कि पुलिस के साथ झड़प होने के बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर हो रही थी, इसलिए फिर से कर्फ्यू लगाना पड़ा।नेपाल की नई पीढ़ी पिछली सरकार से इस कदर नाराज है कि उनके हमदर्दों को भी बर्दाश्त नहीं कर पा रही है. हाल ही में जैसे ही सीपीएन-यूएमएल नेताओं के सिमारा जाने की खबर फैली, Gen Z के प्रदर्शनकारी उनके आगमन का विरोध करने के लिए हवाई अड्डे पर इकट्ठा हो गए. यहीं पर दोनों पक्षों की बहस हुई जो हिंसात्मक रूप ले चुकी है. बताया जा रहा है कि गुरुवार को घायलों की संख्या 10 पहुंच चुकी है. पुलिस बल का उपयोग करके प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश कर रही है.
इसके बाद प्रधानमंत्री सुशीला कर्की ने नई पीढ़ि से शांति की अपील की है. बता दें कि इससे पहले सितंबर महीने में Gen Z के प्रदर्शन ने नेपाल में तख्ता पलट कर दिया था और केपी ओली की सरकार गिरा दी थी.




