मौत से पहले छटपटाई थी नीट छात्रा, शरीर पर कई निशान


बिहार: बिहार की राजधानी पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में जहानाबाद की नीट छात्रा की मौत के मामले में पुलिस पर कई सवाल उठ रहे हैं। छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि छात्रा के अंदरूनी हिस्से सहित शरीर पर 10 से ज्यादा जगहों पर जख्म और खरोंच के निशान थे। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि मौत से पहले छात्रा ने खुद को बचाने के लिए भरपूर प्रयास किया था। उसे नशीला इंजेक्शन देने की भी आशंका जाहिर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दरिंदगी की बात से भी इनकार नहीं दिया गया है।घटना के बाद पुलिस अधिकारी ने मीडिया से कहा था कि नशे में गिरने की वजह से छात्रा की जान चली गई होगी। इससे पुलिस की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अस्पताल सूत्रों का दावा है कि जिन अस्पतालों में छात्रा का इलाज हुआ, वहां के डॉक्टर ने शरीर पर नाखून और चोट के निशान होने की रिपोर्ट पुलिस को दी थी। इसके बावजूद पुलिस इस बात से इनकार करती रही।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दरिंदगी की बात सामने आने के बाद चर्चा जोरों पर है कि मुन्नाचक स्थित हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की हत्या कहीं सुनियोजित तरीके से तो नहीं की गई? क्योंकि छात्रा के इलाज में भी लापरवाही की बात सामने आ रही है। दरिंदगी के बावजूद छात्रा को हॉस्टल के पास स्थित पीएमसीएच या अन्य बड़े अस्पताल में ना ले जाकर, ऐसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां गायनी के विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं हैं। इससे छात्रा की तबीयत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।पुलिस ने सबूत मिटाने के आरोप में हॉस्टल मालिक मनीष रंजन को गिरफ्तार किया है।




