नगर निकाय चुनाव 2026: मानगो, जुगसलाई, आदित्यपुर और चाकुलिया में नामांकन को लेकर सरगर्मी तेज, कई लोगों ने खरीदे नामांकन फार्म


जमशेदपुर :- झारखंड नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन जमशेदपुर और आसपास के शहरी क्षेत्रों में चुनावी हलचल तेज हो गई। मानगो, जुगसलाई, आदित्यपुर और चाकुलिया में संभावित प्रत्याशियों की भीड़ नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदने के लिए नगर निकाय कार्यालयों में जुटती दिखी।
मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए 6 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 92 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे। जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 6 और वार्ड सदस्य पद के लिए 33 अभ्यर्थियों ने फार्म लिया। वहीं आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में भी वार्ड पार्षद पद को लेकर इच्छुक उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ी हुई है और बड़ी संख्या में लोगों ने नाम निर्देशन प्रपत्रों की खरीद की है। चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए 1 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 9 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र लिया।
मानगो नगर निगम के महापौर पद के लिए नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदने वालों में वनिता सहाय, सुधा गुप्ता, चिन्ता शर्मा, ज्योति सिंह, चंचल शर्मा और इंदिरा सुंडी शामिल हैं। जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए इंदु देवी, जसप्रीत कौर, नौशीन खान, रूकसाना तबसुम, नूतन सिंह एवं सुरैया परवीन के नाम प्रमुख हैं। चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चंदना मुर्मू ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा है।
अब तक के कुल आंकड़ों के अनुसार मानगो में महापौर पद हेतु 12 और 36 वार्डों के लिए 240, जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद हेतु 12 और 22 वार्डों के लिए 80, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में वार्ड पार्षद पद के लिए कई लोगों ने तथा चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद हेतु 4 और 12 वार्डों के लिए 31 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे जा चुके हैं। हालांकि अब तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है, लेकिन फार्म खरीद की रफ्तार से साफ संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और ज्यादा दिलचस्प होने वाला है।




