टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक से विधायक पूर्णिमा साहू की ने की वार्ता, क्षेत्र की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर की गई चर्चा


जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक आर के सिंह से उनके कार्यालय में भेंट कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विधानसभा अंतर्गत सातों मंडल के भाजपा अध्यक्ष भी मौजूद रहे। वार्ता के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने टाटा अधीन क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क और साफ-सफाई जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता है और इसके लिए संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और निगरानी आवश्यक है। बैठक के दौरान विभिन्न भाजपा मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जनसुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर लिखित ज्ञापन भी सौंपा. विधायक ने कहा कि सभी मुद्दों पर ठोस कदम उठाने के लिए टाटा स्टील यूआईएसएल और नगर प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है.इस मौके पर टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक आर. के. सिंह ने अपने अधिकारियों के साथ प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि जनता से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बेहतर नागरिक सुविधाओं की दिशा में टाटा स्टील यूआईएसएल लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी इस दिशा में काम करता रहेगा.बैठक में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह, रंजीत सिंह, विकास शर्मा, रितेश झा, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी एवं अशोक सामंत प्रमुख रूप से उपस्थित थे.




