बम फटने से नाबालिग के चेहरे पर 108 फ्रैक्चर


मध्यप्रदेश: मध्यप्रदेश के कटनी जिले से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। पटाखे के जोरदार ब्लास्ट होने से 14 वर्षीय आर्यन मिश्रा का पूरा चेहरा चकनाचूर हो गया। आंखें, नाक और जबड़े की हड्डियां बिखर गईं। तेज धमाके की आवाज सुनते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे जहां आर्यन खून से लथपथ ज़मीन पर पड़ा था।झिंझरी चौकी प्रभारी राजेश दुबे कुमार ने बताया कि झिंझरी पुलिस लाइन निवासी एएसआई विवेक कुमार मिश्रा जो परिजनों के साथ निवास करते हैं, उनके बच्चे आर्यन मिश्रा ने 5 नवंबर की खेल खेल में तेज पटाखा फोड़ने का प्रयास किया तभी ब्लास्ट हो गया और धमका इतना भयानक रहा कि बच्चे के चेहरे की पूरी हड्डी चकनाचूर हो गई।गंभीर हालत में आर्यन मिश्रा को जबलपुर के निजी अस्पताल लाया गया। यहां ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. राहुल चतुर्वेदी और प्लास्टिक सर्जरी टीम ने करीब ढाई घंटे तक लगातार ऑपरेशन किया। डॉक्टरों के मुताबिक आर्यन के चेहरे की हड्डियों में करीब 108 जगह क्रैक आ चुके थे। नाक, मुंह, आंखों के आसपास की हड्डियां और जबड़ा तक बुरी तरह टूट चुका था। ब्लास्ट के असर से ब्लड और गैस श्वसन नली तक प्रभावित हो गई थी, जिससे आर्यन सांस भी नहीं ले पा रहा था। डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखते हुए पहले ब्लीडिंग को कंट्रोल किया, फिर हड्डियों को प्लेट्स लगाकर जोड़ा.




