विविधता में एकता का संदेश — सोना देवी विश्वविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस


घाटशिला: सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला (झारखंड) में भारत के लौह रुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर “राष्ट्रीय एकता दिवस” बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समन्वयक भावना को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एनएसएस समन्वयक डॉ. शिवचन्द झा एवं सुश्री पतत्रि माली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. शिवचन्द झा ने कहा —
“हमारे देश की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता में एकता है। भारत में अनेक भाषाएँ, धर्म, जातियाँ, संस्कृतियाँ, परंपराएँ और विचारधाराएँ हैं, किंतु इस सबके बीच जो साझा भाव हमें जोड़ता है, वह है — भारतीयता और राष्ट्रीयता की भावना।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएँ और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहें।
इस अवसर पर एनएसएस समन्वयक सुश्री पतत्रि माली ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और एकता, सद्भावना एवं भाईचारे का संदेश दिया। विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह, जोश और देशभक्ति का वातावरण व्याप्त रहा।




