मथुरा: संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ी, अनिश्चितकाल के लिए पदयात्रा स्थगित — केली कुंज आश्रम ने दी जानकारी


मथुरा:- संत प्रेमानंद महाराज के भक्तों की चिंता उस समय बढ़ गई, जब उनके स्वास्थ्य खराब होने की खबर सामने आई। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें संत प्रेमानंद महाराज अस्पताल में भर्ती नजर आ रहे थे।

हालांकि, केली कुंज आश्रम की ओर से जारी आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया है कि संत महाराज अस्पताल में नहीं, बल्कि आश्रम में ही हैं। केवल उनकी सुबह 4 बजे की पदयात्रा को फिलहाल बंद किया गया है। आश्रम की ओर से बताया गया कि एकांतिक वार्ता और एकांतिक दर्शन पहले की तरह जारी हैं।
इस बीच एक नया वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्वयं संत प्रेमानंद महाराज ने कहा है कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और भक्तों को चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा को उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। बताया गया कि पिछले दो दिनों से वे पदयात्रा में शामिल नहीं हो रहे थे, लेकिन भक्तजन उनकी एक झलक पाने के लिए सड़कों पर खड़े रहते थे।
श्रीराधे हित केली कुंज आश्रम की ओर से सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा गया है, “संत महाराज का स्वास्थ्य फिलहाल ठीक नहीं है, इसलिए पदयात्रा को कुछ समय के लिए रोका गया है। भक्तजन से अनुरोध है कि वे अभी सड़क पर इंतजार न करें। जब भी पदयात्रा दोबारा शुरू की जाएगी, आश्रम द्वारा इसकी जानकारी दी जाएगी।”
जानकारी के अनुसार, संत प्रेमानंद महाराज किडनी की समस्या से पीड़ित हैं और उनकी नियमित डायलिसिस की जाती है। जब भी उनकी तबीयत कमजोर होती है, आश्रम प्रशासन उनकी यात्राओं को स्थगित कर देता है ताकि उन्हें पर्याप्त विश्राम मिल सके।



