AI से आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर वायरल करने पर युवक गिरफ्तार, राजनीति में बढ़ा विवाद


गया : बिहार के गया जिले में पुलिस ने 35 वर्षीय विकास कुमार यादव नामक युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने एआई (Artificial Intelligence) तकनीक का उपयोग कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार और भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार की और उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वायरल किया। यह मामला पिछले हफ्ते सामने आया था और वायरल फोटो को लेकर पुलिस को शिकायतें मिलनी शुरू हो गईं, जिसके बाद IT सेल ने जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी का पता लगाकर पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया। पूछताछ में विकास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसने खुद एक वीडियो पोस्ट कर अपनी गलती मानी है।

पुलिस के मुताबिक वायरल तस्वीरों में दोनों का नाम टैग भी किया गया था, जिससे मामला गंभीर रूप ले गया। फिलहाल पूछताछ जारी है और पुलिस कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है। इस घटना ने सूचना तकनीक के गलत इस्तेमाल और एआई आधारित सामग्री के दुरुपयोग पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



