विकास और सेवा के एजेंडे को सशक्त बनाने हेतु नौशीन खान को बनाएं विजयी : हिदायतुल्लाह खान


जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी नौशीन खान ने अपने पति, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान के साथ विभिन्न वार्डों का दौरा कर जोरदार चुनाव प्रचार किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने जनता से सीधे संवाद किया, स्थानीय समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
चुनावी अभियान के अंतर्गत वार्ड संख्या 7 के पंछी मोहल्ला में एक उत्साहपूर्ण नुक्कड़ सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इसी प्रकार वार्ड संख्या 18 के नया बाजार, राम टेकारी रोड क्षेत्र में घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया गया तथा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन भी किया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या 1 की गरीब नवाज कॉलोनी और वार्ड संख्या 7 की हुमा लाइन में भी नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर जनता को संबोधित किया गया।
इस अवसर पर हिदायतुल्लाह खान ने अपने संबोधन में कहा कि जुगसलाई का समग्र विकास और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि विकास और सेवा के संकल्प को साकार करने के लिए नौशीन खान को विजयी बनाएं।
अपने संबोधन में नौशीन खान ने जुगसलाई के निवासियों से कई महत्वपूर्ण वादे किए। उन्होंने घोषणा की कि जुगसलाईवासियों के लिए 24×7 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अस्पताल पहुंचने में होने वाली देरी और जीवन के जोखिम को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि वह सदैव जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करती रहेंगी।
उन्होंने मतदान के दिन सावधानी बरतने की विशेष अपील करते हुए कहा कि छोटी-सी भूल से मूल्यवान मत निरस्त हो सकता है, इसलिए सही स्थान पर मोहर अवश्य लगाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि प्रत्येक घर तक मतदाता पर्ची पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें।
चारों ओर मिल रहे व्यापक समर्थन और जनउत्साह को देखते हुए यह प्रतीत होता है कि नौशीन खान की विजय सुनिश्चित है और अब केवल औपचारिक घोषणा शेष है। उन्होंने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि हिंदू, मुस्लिम, सिख सहित सभी धर्मों और विभिन्न वर्गों के लोग उनका समर्थन कर रहे हैं।
आज के चुनावी कार्यक्रम के अंतर्गत पंछी मोहल्ला, वार्ड संख्या 7 में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए नौशीन खान ने जनता से “बेंच” चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की जोरदार अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रत्येक गली और प्रत्येक घर से प्राप्त स्नेह और विश्वास ने उनके अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।
नौशीन खान ने कहा, “मैं सदैव जनता के बीच, जनता के साथ रहूंगी।”




