टाटा स्टील टाउन एडवाइजरी कमेटी की बैठक में बड़े फैसले, पार्किंग और जाम पर होगी सख्ती


जमशेदपुर : टाटा स्टील की टाउन एडवाइजरी कमेटी की बैठक बुधवार को टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) के बोर्ड रूम में आयोजित हुई. सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली इस बैठक में शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए अहम फैसले लिए गए. बैठक में कदमा क्षेत्र में कंपनी क्वार्टर के आसपास सब्जी बिक्री के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा उठा. इस पर सिक्योरिटी चीफ अरविंद सिन्हा ने बताया कि कुछ कर्मचारी और उनके परिजन बाहरी लोगों को क्वार्टर में जगह देकर सामान रखने की अनुमति दे रहे हैं. इस पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम ने नाराजगी जताते हुए ऐसे लोगों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

बैठक में बिष्टुपुर इलाके में व्यावसायिक गतिविधियों के कारण सड़कों पर हो रही अवैध पार्किंग पर भी चर्चा हुई. निर्णय लिया गया कि जिन इमारतों में बेसमेंट पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है, उन्हें पहले नोटिस दिया जाएगा और सुधार नहीं होने पर प्रशासन के सहयोग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा टाटा स्टील के फ्लैटों के जर्जर छज्जों की मरम्मत कर उन्हें सीमेंट की जगह टाटा ब्लूस्कोप शीट से आधुनिक और सुरक्षित बनाने का निर्णय लिया गया.
बैठक की अध्यक्षता कमेटी के चेयरमैन सह टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम ने की, जबकि वाइस चेयरमैन और टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह भी मौजूद रहे. इस दौरान बिष्टुपुर जी टाउन मैदान और बारीडीह के ओपन जिम में अतिरिक्त मशीनें लगाने, सभी ओपन जिम को रविवार को भी खोलने, सिदगोड़ा के जर्जर एल4 क्वार्टरों को डबल क्वार्टर में विकसित करने तथा बर्मामाइंस क्षेत्र में ट्रक-ट्रेलर पार्किंग की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया. साथ ही कंपनी क्वार्टरों में पीएनजी कनेक्शन प्रक्रिया तेज करने के लिए गेल का प्रतिनिधि प्रतिदिन एस्टेट विभाग में बैठाने का निर्णय लिया गया. बैठक में 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने वाले टाटा स्टील के चीफ कॉरपोरेट सर्विसेज प्रणय सिन्हा को भी विदाई दी गई.



