दिल्ली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महाकुंभ,


Delhi: सोमवार (16 फरवरी, 2026) से शुक्रवार (20 फरवरी, 2026) तक चलने वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसके महाकुंभ एआई इंपैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेने के लिए दुनियाभर के दिग्गज दिल्ली पहुंच चुके हैं।इस शिखर सम्मेलन के जरिये तेजी से बदलती एआई की दुनिया को समझना और आम लोगों तक इसके फायदे और असर को पहुंचाना आसान हो सकता है। समिट की महत्ता इसी बात से समझी जा सकती है कि इसमें न केवल टेक कंपनियों के दिग्गज, बल्कि अनेक देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भी हिस्सा ले रहे हैं।समिट में टेक लीडर्स एआई को लेकर भविष्य की योजना बताएंगे। एक्सपो में 300 से ज्यादा प्रोजेक्ट दिखाए जाएंगे। यहां लोग जान सकेंगे कि अभी एआई में क्या नया हो रहा है और भविष्य में क्या बदलाव आनेवाला है। विशेषज्ञ बताएंगे कि अब तक क्या रिसर्च हुई है और आगे किन विषयों पर काम चल रहा है। साथ ही एआई से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा होगी।दिल्ली समिट को सरकार ग्लोबल साउथ में पहली वैश्विक एआई समिट बता रही है। इस बार चर्चा सिर्फ एआई के खतरे तक नहीं, बल्कि इस पर है कि एआई का फायदा गरीब और मध्यम वर्ग तक कैसे पहुंचे। सरकार ने इसे एआई विभाजन को खत्म करने की दिशा में एक कदम बताया है। यानी तकनीक से लैस और तकनीक रहित लोगों के बीच दूरी कम हो।




