गोलमुरी में सड़क किनारे मिला लेडीज बैग, पुलिस की तत्परता से बुजुर्ग महिला को सुरक्षित लौटाया गया


जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सड़क किनारे एक लेडीज बैग पड़ा हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना गोलमुरी थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनज़र बैग की गहन जांच की। जांच के दौरान बैग के अंदर कुछ जरूरी कागजात मिले, जिनके आधार पर बैग की मालकिन की पहचान लीला दास के रूप में हुई। उनकी उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है।
कागजात में दर्ज पते और मोबाइल नंबर की मदद से पुलिस ने तुरंत महिला से संपर्क किया और उन्हें थाना बुलाया गया। थाने पहुंचने पर पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने बैग सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दिया।
बैग के अंदर करीब ढाई हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाए गए। अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर लीला दास भावुक हो गईं।
उन्होंने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि बैग में रखे कागजात और मोबाइल उनके लिए बेहद जरूरी थे और इनके खो जाने से उन्हें काफी परेशानी हो सकती थी।
इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की तत्परता और ईमानदारी को एक बार फिर सामने रखा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे भरोसे और संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।



