कोल्हान विश्वविद्यालय ने बढ़ाई स्नातक नामांकन की तिथि, अब 2 अगस्त तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन


कोल्हान :- कोल्हान विश्वविद्यालय ने छात्रों को राहत देते हुए चांसलर पोर्टल के माध्यम से स्नातक नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है, जिसके तहत अब विद्यार्थी 2 अगस्त 2025 तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। पहले नामांकन की तिथि 23 जुलाई निर्धारित थी, लेकिन विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 2 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। इस बीच जिन विद्यार्थियों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास नामांकन का अंतिम अवसर है। चांसलर पोर्टल पर बीए, बीएससी, बीकॉम और अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पहले से ही जारी थी, लेकिन तकनीकी कारणों और आवेदनकर्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण कई छात्रों का पंजीकरण नहीं हो सका था। कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा तिथि बढ़ाए जाने से छात्रों में खुशी का माहौल है और अब वे तय समय में आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया है कि यह अंतिम मौका है और इसके बाद तिथि में और कोई विस्तार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वे छात्रों की सहायता करें और उन्हें आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अब देखना यह है कि 2 अगस्त तक कितने छात्र नामांकन प्रक्रिया पूरी करते हैं और विश्वविद्यालय की सीटें कितनी भरती हैं।




