झारखंड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने कर्मचारियों की प्रोन्नति की मांग तेज की


राँची : झारखंड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राज्यभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में कार्यरत तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय योग्यताधारी कर्मचारियों की प्रोन्नति जल्द से जल्द करने की मांग की है।

प्रेस विज्ञप्ति पर महासंघ के अध्यक्ष श्री धीरेन्द्र कुमार राय, महामंत्री श्री विश्वम्भर यादव, उपाध्यक्ष श्री संतोष कुमार, संयुक्त सचिव श्री वेद प्रकाश शुक्ला, माननीय अभिषद सदस्य कोल्हान विश्वविद्यालय श्री प्रत्युष कुमार पानी, पूर्व संयुक्त सचिव श्री एस० एन० पाण्डेय, कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष श्री रमेशचंद्र ठाकुर, प्रक्षेत्रीय सचिव श्री चन्दन कुमार, राँची विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रीय सचिव श्री सुनील कुमार यादव, सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रीय सचिव श्री नेतलाल मुर्मू, विनोबा भावे विश्वविद्यालय से श्री रविदास जी, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्री गंगाधर नाग, सचिव श्रीमती सीमा तिर्की एवं उपाध्यक्ष श्री चैतन्य शिरोमणि के हस्ताक्षर हैं।
महासंघ ने बताया कि दिनांक 06.08.2025 को पत्र संख्या 031 के तहत सभी कुलपतियों को पत्र लिखकर याद दिलाया गया है कि विश्वविद्यालय सेवा-संहिता और पत्र संख्या 689 (अनु०) दिनांक 15.05.2024 के अनुसार योग्य कर्मचारियों की प्रोन्नति अनुमोदित है। लेकिन अब तक किसी भी विश्वविद्यालय ने इस पर अमल नहीं किया है। महासंघ ने आरोप लगाया कि प्रोन्नति की प्रक्रिया लंबित रहने से विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में पारदर्शिता का अभाव है, चाहे वह वित्तीय मामला हो या प्रशासकीय।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि विश्वविद्यालय सेवा-संहिता के अनुसार कुलपतियों को कर्मचारियों के मामलों में वृहद शक्ति प्राप्त है और इस संबंध में सरकार की संस्तुति भी उपलब्ध है। बावजूद इसके कर्मचारियों की प्रोन्नति अटकी हुई है। महासंघ ने सभी कुलपतियों से अपील की है कि वे इस दिशा में जल्द पहल करें, अन्यथा कर्मचारियों का धैर्य आक्रोश में बदल सकता है।



