झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव की उल्टी गिनती शुरू, राजेश कुमार शुक्ला ने खरीदा नामांकन पत्र…


जमशेदपुर :- झारखंड स्टेट बार काउंसिल के आगामी चुनाव को लेकर अधिवक्ता समाज में चुनावी हलचल अब खुलकर सामने आने लगी है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रत्याशियों की सक्रियता भी तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वर्तमान वाइस चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ला ने चुनावी मैदान में उतरकर माहौल गरमा दिया है।

राजेश कुमार शुक्ला ने 12 मार्च 2026 को प्रस्तावित स्टेट बार काउंसिल चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए 5 फरवरी 2026 को झारखंड स्टेट बार काउंसिल कार्यालय से अपना नामांकन पत्र खरीदा। नामांकन पत्र की खरीद के साथ ही अधिवक्ता जगत में चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है।
इसके बाद 6 फरवरी 2026 को श्री शुक्ला जिला बार संघ पहुंचे, जहां उन्होंने अधिवक्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं से समर्थन मांगा और बड़ी संख्या में मौजूद अधिवक्ताओं से व्यक्तिगत मुलाकात कर अपने विचार साझा किए।
जिला बार संघ में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम के दौरान राजेश कुमार शुक्ला ने अधिवक्ताओं से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य बार काउंसिल को और अधिक मजबूत, पारदर्शी और पूर्णतः अधिवक्ता हितैषी संस्था के रूप में विकसित करना है।
इस मौके पर वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं की प्रभावशाली मौजूदगी देखने को मिली। अधिवक्ता अक्षय कुमार झा, मिथिलेश सिंह, केशव सिंह, अनीश श्रीवास्तव, राजीव रंजन, अरविंद सरायवाला सहित वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश कुमार पांडेय, रामशंकर दुबे, रामजीत पांडेय, सिद्धार्थ शंकर दुबे, डॉ. वीरेन्द्र सिंह, संजीत कुमार गुप्ता, जन्मेजय कुमार सिंह, संजय सिंह, राजू सिंह, बबिता जैन, राजकुमार समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता इस अवसर पर उपस्थित रहे।
बार काउंसिल चुनाव को लेकर अधिवक्ता समाज में जिस तरह का उत्साह और सक्रियता देखने को मिल रही है, उससे यह साफ है कि आने वाला चुनाव बेहद रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक होने वाला है।



