OLX की दर बढ़ोतरी पर जमशेदपुर यूज़्ड कार डीलरों में नाराजगी, विज्ञापन बंद करने का फैसला


जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिडगोड़ा स्थित अवध टावर में जमशेदपुर यूज़्ड कार डीलर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म OLX द्वारा विज्ञापन दरों में की गई बढ़ोतरी पर कड़ी नाराजगी जताई गई।

बैठक के दौरान सभी डीलरों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अब OLX को किसी भी प्रकार का विज्ञापन नहीं दिया जाएगा। डीलरों का कहना है कि दरों में अचानक की गई बढ़ोतरी उनके व्यवसाय पर नकारात्मक असर डाल रही है और छोटे व्यापारियों के लिए यह बोझ बनती जा रही है।
एसोसिएशन ने इस मुद्दे को लेकर डिप्टी ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (DTO) से मिलने का भी फैसला किया है। डीलरों का मानना है कि इस नीति से बाजार की प्रतिस्पर्धा और कारोबार की स्थिरता प्रभावित हो सकती है, जिस पर प्रशासन का ध्यान जाना जरूरी है।
बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई और सभी डीलरों को एकजुट रहने का आह्वान किया। इस दौरान अध्यक्ष बसंत अग्रवाल, उपाध्यक्ष नवीन जैन, सचिव बबलू, अश्विनी और नवीन बापी मौजूद रहे।
पदाधिकारियों ने कहा कि यदि डीलरों के हितों को नजरअंदाज किया गया तो आगे और भी कड़े निर्णय लिए जा सकते हैं। फिलहाल एसोसिएशन एकजुट होकर अपने व्यवसायिक हितों की रक्षा के लिए कदम उठाने की रणनीति पर काम कर रही है।



