जमशेदपुर में एटीएम कार्ड मशीन में फंसा, खाते से 2.84 लाख रुपये निकल गए


जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत करनडीह चौक स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एटीएम से रुपये निकालने के दौरान कार्ड मशीन में फंस गया और इसके बाद पीड़ित के खाते से 2 लाख 84 हजार रुपये की निकासी हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 28 दिसंबर 2025 की सुबह 9 बजकर 6 मिनट की है। सुंदरनगर थाना क्षेत्र के जोंड्रागोड़ा निवासी भीम सोरेन करनडीह चौक स्थित एक्सिस बैंक एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। रुपये निकालने की प्रक्रिया के दौरान अचानक उनका एटीएम कार्ड मशीन में ही फंस गया।
काफी प्रयास के बावजूद जब कार्ड बाहर नहीं निकला तो भीम सोरेन परेशान होकर एटीएम से लौट आए और अपने घर चले गए। बताया जाता है कि घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल फोन पर खाते से ₹2.84 लाख की निकासी का मैसेज आया। यह मैसेज देखते ही उनके होश उड़ गए।
पीड़ित का कहना है कि उस समय उन्होंने कोई लेन-देन नहीं किया था और एटीएम कार्ड मशीन में ही फंसा हुआ था। इसके बावजूद खाते से इतनी बड़ी रकम निकल जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना के करीब आठ दिन बाद भीम सोरेन ने परसुडीह थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एटीएम कार्ड मशीन में फंसने के बाद किस तरह से खाते से रुपये की निकासी हुई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसमें किसी गिरोह, तकनीकी गड़बड़ी या एटीएम से छेड़छाड़ की भूमिका तो नहीं है।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। लोग एटीएम से रुपये निकालते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।



