तेहरान पर इजरायल की वायु सेना हमला जारी, राजधानी में बड़े सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया


तेह्रान : मध्य पूर्व में जारी संकट के बीच इजरायली वायु सेना ने ईरान की राजधानी तेहरान और अन्य मुख्य सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले जारी रखे हैं। इजरायल रक्षा बलों (IDF) ने टेलीग्राम और आधिकारिक बयान में कहा है कि उसके लड़ाकू विमानों ने ईरान के प्रमुख सरकारी और सुरक्षा केंद्रों को निशाना बनाया है। आधिकारिक बयान के अनुसार, इजरायली एयर फोर्स ने तेहरान के राष्ट्रपति कार्यालय, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल और अन्य बड़े कमांड व नियंत्रण ढांचों पर हथियार गिराए हैं। इन हमलों को ‘आतंकवादी ढांचे’ को कमजोर करने के प्रयास के रूप में बताया गया है।

IDF ने यह भी कहा है कि उसने ईरान में मिसाइल लॉन्चरों, वायु रक्षा प्रणालियों और अन्य सैन्य ढाँचों पर हमला किया, ताकि ईरानी वायु रक्षा और मिसाइल क्षमताओं को तोड़ा जा सके। इसे युद्ध की अधिक चुनौतीपूर्ण स्थिति से निपटने का हिस्सा बताया जा रहा है। इस बीच संघर्ष और भी व्यापक रूप ले चुका है और क्षेत्र के कई देशों में इसके परिणाम दिखाई दे रहे हैं। ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमले अन्य देशों तथा अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों को भी निशाना बना रहे हैं, जिससे यह संघर्ष पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल रहा है। \इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा है कि यह अभियान कुछ समय तक जारी रह सकता है, लेकिन यह लंबी लड़ाई नहीं होगी, जबकि यूएस के साथ संयुक्त हमले से लक्ष्य पूरा किया जाएगा।



