हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का बड़ा दावा, IRGC बोला – हमारे नियंत्रण में रास्ता; भारत के लिए क्यों बन सकती है राहत की खबर


नई दिल्ली : अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। IRGC ने दावा किया है कि यह महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग अब उसके पूर्ण नियंत्रण में है और यहां से गुजरने वाले जहाजों को संभावित खतरे का सामना करना पड़ सकता है।ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के एक अधिकारी ने कहा कि फिलहाल हॉर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह ईरान की नौसेना की निगरानी में है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई जहाज यहां से गुजरने की कोशिश करता है तो उसे मिसाइल या ड्रोन हमलों का खतरा हो सकता है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं।

हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है। वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की बड़ी मात्रा इसी रास्ते से गुजरती है। अनुमान है कि दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल का परिवहन इसी मार्ग से होता है, इसलिए यहां किसी भी तरह की बाधा का असर पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ईरान इस मार्ग को पूरी तरह बंद नहीं करता और जहाजों को सीमित रूप से गुजरने देता है, तो भारत जैसे देशों के लिए राहत की स्थिति बन सकती है। भारत अपनी बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस खाड़ी देशों से आयात करता है और उसका एक बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से आता है।हालांकि क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण जहाजों की आवाजाही पहले ही काफी प्रभावित हो चुकी है। कई जहाज इस मार्ग के बाहर रुक गए हैं और वैश्विक तेल बाजार में भी अस्थिरता देखी जा रही है। ऐसे में इस जलडमरूमध्य की स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।



