ईरान का दावा: अमेरिकी युद्धपोत USS अब्राहम लिंकन पर हमला, अमेरिका ने कहा हमला नाकाम


नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी विमानवाहक पोत USS अब्राहम लिंकन पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। ईरान के अनुसार यह कार्रवाई ओमान के पास समुद्र में की गई और इसमें उन्नत हथियारों का इस्तेमाल हुआ, जिससे युद्धपोत को नुकसान पहुंचा और उसे क्षेत्र से पीछे हटना पड़ा। ईरानी मीडिया ने यह भी कहा कि यह हमला ईरानी समुद्री सीमा से लगभग 340 किलोमीटर दूर किया गया था।

ईरान ने साथ ही बहरीन में स्थित अमेरिकी नौसैनिक अड्डे मीना सलमान पर भी ड्रोन हमले का दावा किया। हालांकि अमेरिका ने इन सभी दावों को खारिज कर दिया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक विमानवाहक पोत पूरी तरह सुरक्षित है और उस पर कोई सफल हमला नहीं हुआ। अमेरिकी नौसेना ने बताया कि युद्धपोत के करीब आ रहे एक ईरानी जहाज को पहले चेतावनी दी गई और बाद में हेलीकॉप्टर से दागी गई हेलफायर मिसाइलों से उसे नष्ट कर दिया गया।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलों और जवाबी कार्रवाई के दावे कर रहे हैं।



