IPS अजय सिंघल बने हरियाणा के नए DGP,


हरियाणा: हरियाणा में आईपीएस अजय सिंघल को नया डीजीपी बनाया गया है. कार्यवाहक डीजीपी ओपी सिंह बुधवार (31 दिसंबर) को रिटायर हो रहे हैं. ऐसे में अजय सिंघल को अब ये जिम्मेदारी दी गई है. अजय सिंघल 1992 बैच के IPS अधिकारी हैं और अभी विजिलेंस और एंटी करप्शन ब्यूरो हरियाणा में DGP हैं.कार्यवाहक पुलिस निदेशक ओपी सिंह (1992 बैच), होमगार्ड और सिविल डिफेंस के कमांडेंट मोहम्मद अकील (1989 बैच) और पुनर्नियुक्ति पाने वाले जेल महानिदेशक आलोक राय (1991 बैच) सेवानिवृत्त हो गए हैं। करनाल में आयोजित सम्मान समारोह में दस आईपीएस अधिकारियों ने ओपी सिंह की कार को रस्सी से खींचकर विदाई दी।ओपी सिंह की सेवानिवृत्ति के तुरंत बाद गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा की ओर से सिंघल की नए डीजीपी के रूप में नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए। अजय सिंघल नए साल यानी पहली जनवरी को अपना पदभार संभालेंगे। इसके अलावा जल्द ही जेल महानिदेशक और होमगार्ड और सिविल डिफेंस के कमांडेंट के पद पर नई नियुक्तियां की जाएंगी।हरियाणा सरकार की ओर से डीजीपी रैंक के पांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम का पैनल यूपीएससी (संघ लोकसेवा) आयोग को भेजा गया था। नई दिल्ली में यूपीएससी की चयन समिति की बैठक में इस पैनल पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी व गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा बतौर सदस्य शामिल हुए।नए डीजीपी का कार्यकाल दो वर्ष का रहेगा। सुप्रीम कोर्ट ने प्रकाश सिंह व अन्य बनाम भारत सरकार केस में डीजीपी की नियुक्ति को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हुए हैं। इससे पहले राज्य सरकारें अपनी पसंद से डीजीपी नियुक्त कर लिया करती थी। पंजाब में डीजीपी की नियुक्ति को लेकर विवाद भी हो चुका है।सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद ही राज्य सरकारों की ओर से डीजीपी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नाम का पैनल बनाकर यूपीएससी को भेजा जाता है। सुप्रीम कोर्ट ने ही डीजीपी का कार्यकाल दो वर्ष तय किया हुआ है।




