निकाय चुनाव में भाजपा का अंतर्कलह आया सामने, रायशुमारी से स्थानीय विधायक चम्पई को भाजपा ने रखा था दूर, अब वे दिखा रहे नाराजगी


Saraikela : नगर निकाय चुनाव निर्णायक चरण में हैं, इसी बीच पूर्व सीएम और कोल्हान क्षेत्र के एकमात्र भाजपा विधायक चंपाई सोरेन पार्टी से नाराज लग रहे हैं. क्योंकि वे बैठकों -संगठनात्मक गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं. इस संबंध में विधायक चंपई सोरेन का कहना है कि पार्टी की ओर से उन्हें बैठकों और रायशुमारी की सूचना ही नहीं दी जाती है. जब बुनियादी जानकारी तक साझा नहीं की जाती, तो फिर सक्रिय भूमिका निभाने का सवाल कहां उठता है. चंपाई ने यह भी संकेत दिया कि इस घटनाक्रम के पीछे कोई प्रभावशाली व्यक्ति हो सकता है, जो नहीं चाहता कि वे पार्टी के भीतर ज्यादा सक्रिय रहें. चंपाई के आरोपों पर आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने कहा-चंपाई प्रायः मोबाइल पास नहीं रखते या बंद रहता है. उनके पीए चंचल गोस्वामी को कार्यक्रमों-बैठकों की सूचना दी जाती है, पर वे शामिल नहीं होते हैं. चंपाई सोरेन के कुछ सहयोगियों ने सवाल उठाया है कि क्या किसी विधायक के क्षेत्र में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया उनकी अनुपस्थिति में पूरी करना उचित है. उनका कहना है कि कोल्हान से भाजपा का सिर्फ एक ही विधायक है और ऐसे में रायशुमारी में उन्हें शामिल न करना संगठनात्मक संतुलन पर सवाल खड़ा करता है. जब पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार न करने को लेकर चंपाई सोरेन से सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ कहा कि जब रायशुमारी में विधायक को शामिल ही नहीं किया गया, तो बाद में प्रचार करने का कोई औचित्य नहीं बनता.




