IndiGo के संचालन में लगातार तीसरे दिन गड़बड़ी


दिल्ली: भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो बीते तीन दिनों से अपने संचालन में बड़ी मुश्किलों का सामना कर रही है। मंगलवार और बुधवार को सैकड़ों उड़ानें रद्द होने के बाद, गुरुवार को भी एयरलाइन को कई फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी और जिन उड़ानों ने उड़ान भरी, उनमें भी लंबी देरी देखी गई। इसके चलते एयरपोर्ट पर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिली।गुरुवार को भी कई उड़ानें रद्द हुई हैं। तकनीकी गड़बड़ी, खराब मौसम और एयरपोर्ट कंजेशन को एयरलाइन ने वजह बताया है, लेकिन सूत्रों की जानकारी के अनुसार, सबसे बड़ी वजह DGCA के नए पायलट रेस्ट और ड्यूटी नियम ही हैं। नए नियम के अनुसार, पायलटों को रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक सीमित उड़ान और लैंडिंग करनी होती है, साथ ही वीकली रेस्ट भी बढ़ा दिया गया है।पहले पायलट को हर हफ्ते 36 घंटे लगातार आराम मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया गया है।
एयरलाइन कंपनियों को हर तीन महीने में रिपोर्ट देनी होगी जिसमें उनको बताना हो कि पायलटों ने थकान की शिकायत की या नहीं। साथ ही, एयरलाइन को यह भी बताना होगा कि उन्होंने थकान कम करने के लिए क्या कदम उठाए।
पहले नाइट ड्यूटी की सीमा आधी रात तक मानी जाती थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर मध्यरात्रि से सुबह 6 बजे कर दिया गया है। नाइट ड्यूटी के दौरान अधिकतम उड़ान समय- 8 घंटे, अधिकतम ड्यूटी अवधि- 10 घंटे, लगातार रात की ड्यूटी- अधिकतम 2 और रात में लैंडिंग अधिकतम- 2। ये नियम 1 नवंबर 2025 से लागू हो चुके हैं।एयरलाइंस ने इस समस्या को लेकर आधिकारिक बयान भी जारी किया. इंडिगो की प्रवक्ता ने कहा, ” पिछले दो दिनों से हमारी उड़ानों में काफी देरी और गड़बड़ियां हुई हैं, जिसके लिए कंपनी अपने सभी यात्रियों से माफी मांगती है. कई संचालन चुनौतियों जैसे छोटी तकनीकी दिक्कतें, सर्दियों की वजह से बदला हुआ शेड्यूल, खराब मौसम, हवाई यातायात में बढ़ा दबाव और नए क्रू रोस्टरिंग नियम की वजह से बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा, जिसका असर उड़ानों पर देखने को मिला है. “




