अमेरिका में भारतीय शख्स ने पत्नी और 3 रिश्तेदारों को मार डाला,


America : अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में कथित पारिवारिक विवाद से जुड़ी गोलीबारी की घटना में एक भारतीय नागरिक समेत चार लोगों की मौत हो गयी. अटलांटा स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लॉरेंसविले शहर में गुरुवार तड़के हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई जबकि घटना के दौरान तीन बच्चे घर के अंदर ही मौजूद थे.घटना के समय घर में मौजूद तीन बच्चे हमले से बचने के लिए एक अलमारी में छिप गए. पुलिस ने बताया कि 12 वर्षीय बच्चे ने हिम्मत दिखाते हुए 911 पर कॉल कर इमरजेंसी सेवाओं को सूचना दी, जिससे पुलिस कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच सकी. बच्चों को परिवार के अन्य सदस्यों को सौंप दिया गया. पुलिस ने संदिग्ध की पहचान अटलांटा निवासी 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में की है. उसे पास के जंगल वाले इलाके से K-9 यूनिट की मदद से गिरफ्तार किया गया. उस पर हत्या, गंभीर हमला और बच्चों के प्रति क्रूरता से जुड़े कई आरोप लगाए गए हैं.मृतकों की पहचान विजय कुमार की पत्नी 43 वर्षीय मीनू डोगरा और उनके तीन रिश्तेदार 33 वर्षीय गौरव कुमार, 37 वर्षीय निधि चंदर और 38 वर्षीय हरीश चंदर के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, पहले अटलांटा में दंपति के बीच विवाद हुआ जिसके बाद वे इस घर पर पहुंचे, जहां अन्य पीड़ित रहते थे. विवाद की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा दुख जताया है और पुष्टि की है कि मृतकों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है. मिशन ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है. पुलिस ने मामले की जांच जारी रहने की बात कही है.




