माह सितंबर 2025 में जिले में कुल 13 सड़क दुर्घटनाएँ हुईं, जिनमें 12 व्यक्तियों की मृत्यु हुई, जिले में 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए, जे ए आर डी सी एल के विरुद्ध कारवाई का आदेश


Saraikela: सितंबर माह 2025 में सरायकेला जिले कुल 13 सड़क दुर्घटनाएँ हुईं है जिनमें 12 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है. इतना ही नहीं जिले में 18 ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित किए गए हैं. सड़क दुर्घटना की गंभीरता को लेकर ही आज
सरायकेला खरसावां उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत (भा.पु.से.) की मौजूदगी मेंमें जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुरक्षा सुदृढ़ीकरण तथा अधोसंरचना सुधार से संबंधित विषयों पर विस्तृत समीक्षा एवं आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए हैं.
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया. उन्होंने बताया कि माह सितंबर 2025 में जिले में कुल 13 सड़क दुर्घटनाएँ हुईं, जिनमें 12 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है. साथ ही जिले में 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं. जिन पर सुधारात्मक कार्यवाही की जा रही है. उपायुक्त ने पूर्व में जारी दिशा–निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए JRDCL के पदाधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति एवं दिए गए निर्देशों के पालन में शिथिलता पर गहरा असंतोष व्यक्त किया. उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि JRDCL द्वारा की जा रही लापरवाही, जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं तथा निर्देशों के अनुपालन न किए जाने के संबंध में संबंधित विभाग को औपचारिक रूप से सूचित किया जाए, ताकि आवश्यक विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके.
* उपायुक्त द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर बिंदुवार दिए गए निर्देश —
* कांड्रा से खरकाई पुलिया, कोलाबीरा से दुगनी/मुड़िया तथा नगर क्षेत्रों में स्थापित सभी स्ट्रीट लाइटों की तकनीकी जांच कर आवश्यकतानुसार उनकी मरम्मती कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए.
* कांड्रा से खरखाई पुलिया तक के मुख्य मार्ग एवं सर्विस रोड की स्थिति का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार मरम्मती कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए.
* चाईबासा से चौका मार्ग की मरम्मती कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करते हुए सड़क को जनसाधारण के आवागमन हेतु सुरक्षित बनाया जाए.
* सरायकेला, चांडिल, आदित्यपुर, गम्हरिया सहित समस्त नगर क्षेत्रों के मुख्य मार्ग एवं सर्विस रोड में बने गड्ढों की मरम्मती का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए.
* एनएच–32 एवं एनएच–33 सहित सभी राष्ट्रीय एवं प्रमुख सड़कों पर रिफ्लेक्टर, बड़े साइनेज बोर्ड, हाई मास्ट लाइट एवं सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएँ.
* सभी थाना प्रभारी अपने–अपने क्षेत्राधिकार में नियमित वाहन जांच अभियान संचालित करें तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों, ओवरस्पीडिंग एवं ओवरलोडिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें.
* सभी थाना क्षेत्रों में अवैध पार्किंग की नियमित जांच की जाए एवं आवश्यकता अनुसार दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए.
* जिलेभर में “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान को प्रभावी रूप से लागू रखा जाए एवं सभी पेट्रोल पंप संचालकों को इसका अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया जाए.
* चांडिल गोलचक्कर पर लगातार उत्पन्न हो रही जाम की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारी तत्काल कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन प्रारंभ करें.




