आदित्यपुर नगर निगम में 139889 मतदाता चुनेंगे मेयर, नामांकन 29 जनवरी से 4 फरवरी से, डीसी ने प्रेसवार्ता कर साझा की जानकारी, लागू हुआ आदर्श आचार संहिता


Saraikela : आदित्यपुर नगर निगम में करीब ढाई वर्षों के बाद निकाय चुनाव होने जा रहे हैं. इस बार क चुनाव में वर्ष 2024 के मतदाता सूची के आधार पर ही मतदान होगा, जिसमें कुल 139889 मतदाता मेयर का चुनाव करेंगे. इस बात की जानकारी डीसी नीतीश कुमार सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर दी. उन्होंने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया कल 29 जनवरी से 4 फरवरी तक सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक चलेगी. डीसी ने प्रेसवार्ता में बताया पूरे नगर निगम आदित्यपुर के साथ सरायकेला नगर पंचायत के साथ कपाली नगर पर्षद क्षेत्र में कल अधिसूचना जारी होने के बाद से ही आदर्श आचार संहिता लागू है, जिसका सभी नागरिकों को अनुपालन करना है. बता दें कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 35 वार्ड, जबकि कपाली नगर परिषद क्षेत्र में 21 वार्ड और सरायकला नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 11 वार्ड हैं. आदित्यपुर नगर निगम में मतदाताओं की संख्या 139889 है, जिसमें पुरुष मतदाता 70837 और महिला मतदाता 69051 है. एक मत थर्ड जेंडर का भी है. मेयर के लिए निर्वाची पदाधिकारी अपर उपायुक्त को बनाया गया है जहां मेयर के प्रत्याशी अपना नामांकन कर सकेंगे. जबकि वार्ड पार्षद के लिए वार्ड 1 से 18 के लिए निर्वाची पदाधिकारी अंचल अधिकारी गम्हरिया को बनाया गया है वहीं वार्ड 19 से 27 तक के वार्ड के प्रत्याशियों को अपना नामांकन कार्यपालक दंडाधिकारी सरायकेला वहीं वार्ड 28 से 35 के वार्ड प्रत्याशी भूमि उपसमाहर्ता सरायकेला के कक्ष में नामांकन पत्रों की खरीद एवं नामांकन कर सकेंगे.




