पुरी रथयात्रा 2025 में उमस और भीड़ ने बढ़ाई मुश्किलें, 600 से ज़्यादा श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती


ओडिशा / पूरी :- ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा के दौरान भारी उमस, अत्यधिक भीड़ और लू जैसे हालातों के बीच 600 से अधिक श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। मंगलवार को निकली इस रथयात्रा में लाखों श्रद्धालुओं की भागीदारी देखी गई लेकिन भीषण गर्मी और देर तक रथ खींचने की प्रक्रिया के चलते कई लोग थकावट, डिहाइड्रेशन, घबराहट और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं से ग्रसित हो गए। जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए 150 से अधिक एम्बुलेंस, 200 डॉक्टर और 500 से ज्यादा मेडिकल स्टाफ को तैनात किया था, जिससे ज़्यादातर लोगों को मौके पर ही प्राथमिक इलाज देकर छुट्टी दी गई, हालांकि 70 से अधिक श्रद्धालुओं को ज़िला अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती किया गया है, जिनमें से 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सबसे अधिक लोग तब बीमार पड़े जब “तलाध्वजा” रथ रास्ते में अटक गया और भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हाईटेक हॉस्पिटल, HDU, OPD और SCB मेडिकल कॉलेज जैसे प्रमुख संस्थानों में मरीजों की देखरेख की जा रही है। मुख्यमंत्री ने भी स्थिति की समीक्षा की और श्रद्धालुओं की कुशलता की प्रार्थना की है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक पानी पिएं, खुद को भीड़ से दूर रखें और किसी भी असहजता की स्थिति में तुरंत नजदीकी मेडिकल कैंप से संपर्क करें। आगामी बहुड़ा यात्रा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक सजगता और चिकित्सकीय तत्परता के कारण अब तक किसी भी श्रद्धालु की मृत्यु नहीं हुई है, लेकिन ICU में भर्ती कुछ गंभीर मरीजों की हालत को लेकर निगरानी जारी है।




