एनटीपीसी राष्ट्रीय आर्चरी टूर्नामेंट का भव्य आगाज, अर्जुन मुंडा बोले– भारत विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर


जमशेदपुर : केरल के एर्नाकुलम स्थित सेक्रेड हार्ट कॉलेज में तीसरे एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम को पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने संबोधित किया।

उद्घाटन समारोह में आयोजन समिति के चेयरमैन एवं विधायक टीजे विनोद, केरल तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोजन केके, भारतीय तीरंदाजी संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. जोरीस पॉलोज़ उम्माचेरिल सहित कई गणमान्य अतिथि, खेल प्रशासक, प्रशिक्षक और देशभर से आए खिलाड़ी मौजूद थे।
अपने संबोधन में अर्जुन मुंडा ने कहा कि तीरंदाजी भारत की प्राचीन खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह केवल एक खेल नहीं, बल्कि ध्यान, धैर्य और अनुशासन का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देती हैं। इससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण भारत में आर्चरी की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को खेल के माध्यम से सही दिशा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को नया प्रोत्साहन मिला है। इसके परिणामस्वरूप भारत विश्व आर्चरी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है।
देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित टूर्नामेंट और कोचों के मार्गदर्शन से खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आर्चरी शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास भी बढ़ाती है। खेल युवाओं में टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और ग्रामीण व जनजातीय क्षेत्रों से प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और देशभर से आए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।



