ग्रेड रिवीजन समझौते पर मुहर, वेतन में 20 हजार तक बढ़ोतरी से कर्मचारियों में खुशी


जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में प्रबंधन और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच ग्रेड रिवीजन को लेकर आधिकारिक समझौता हो गया है। खास बात यह रही कि पहली बार मौजूदा ग्रेड की अवधि 31 मार्च को समाप्त होने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाकर इस पर हस्ताक्षर कर दिए गए। समझौते से पहले वेतन, बोनस और अन्य मुद्दों को लेकर यूनियन और प्रबंधन के बीच कई दौर की बैठकें चली थीं।


इस समझौते का सीधा लाभ करीब 7,321 कर्मचारियों को मिलेगा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों के वेतन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 20 हजार रुपये या उससे अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद पुराने कर्मचारियों का मासिक वेतन एक लाख रुपये से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही बोनस को लेकर भी सकारात्मक संकेत सामने आए हैं, जिससे कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।
इससे पहले वर्ष 2022 में हुए चार साल के समझौते में प्रति कर्मचारी करीब 17 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिसमें 6,618 रुपये बेसिक और लगभग 3 हजार रुपये वैरिएबल पे शामिल था और इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया था। इस बार के ग्रेड रिवीजन में कर्मचारियों की नजर लंबे समय से लंबित ‘अपना घर योजना’ पर भी टिकी है, जिसे यूनियन की आमसभा से मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, इस समझौते के बाद अब टाटा कमिंस में भी ग्रेड रिवीजन की प्रक्रिया तेज हो गई है, जहां एसीपी योजना में बदलाव को लेकर कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।



