पोटका में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ, विधायक संजीव सरदार ने दवा सेवन कर दिया संदेश


पोटका : पोटका प्रखंड में राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (एमडीए) की शुरुआत मंगलवार को की गई। अभियान का शुभारंभ कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संजीव सरदार ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद विधायक ने स्वयं फाइलेरिया की दवा का सेवन कर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया।

विधायक द्वारा दवा सेवन के बाद विद्यालय की 500 से अधिक छात्राओं को फाइलेरिया की दवा खिलाई गई। इस मौके पर संजीव सरदार ने कहा कि फाइलेरिया, जिसे आमतौर पर हाथी पांव कहा जाता है, एक गंभीर बीमारी है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए सरकार द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दो वर्ष से अधिक उम्र के सभी बच्चों और पात्र व्यक्तियों को यह दवा अवश्य खिलाएं और पोटका को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने बताया कि यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक चलेगा। इसके तहत आंगनबाड़ी सेविका और सहिया घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगी। पोटका स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के दौरान कुल 2 लाख 6 हजार 733 ग्रामीणों को दवा देने का लक्ष्य तय किया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर बाकी सभी लोग इस दवा का सेवन कर सकते हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सुनील तिर्की, अनामिका कुमारी, पलाश मंडल, तुसार मंडल, देबाशीष भगत, मनोज शर्मा (पिरामल), केआर अंजली सहित विद्यालय की वार्डन रूमा हलधर, शिक्षिकाएं ज्योति सागर, मीणा धनवार, सुमिता कुमारी, काजल मुनि सरदार, कमला मुंडा समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।



