राजस्थान के चुरू में फाइटर प्लेन क्रैश, दूर-दूर तक बिखरा जलता मलबा, इलाके में मचा हड़कंप


राजस्थान :- राजस्थान के चुरू जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। भारतीय वायुसेना का एक फाइटर प्लेन क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि प्लेन का मलबा कई सौ मीटर तक जलता हुआ बिखर गया। मौके पर तेज़ धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आसमान में पहले प्लेन से धुआं निकलता दिखा, फिर कुछ ही सेकेंडों में वह नीचे आ गिरा और जोरदार विस्फोट के साथ आग की लपटों में तब्दील हो गया। घटनास्थल के आसपास तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस बल को तैनात किया गया है। वायुसेना की टीम भी राहत एवं जांच कार्य के लिए मौके पर पहुंच चुकी है।
फिलहाल हादसे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्लेन में पायलट सवार था या नहीं, और यदि था, तो उसकी स्थिति क्या है। दुर्घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन और वायुसेना द्वारा विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे ने एक बार फिर वायुसेना के पुराने विमानों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



