मोबाइल पर बात को लेकर पिता का गुस्सा हद पार, बेटी की हंसिए से हत्या


गोरखपुर : पिपराइच थाना क्षेत्र के सिंहोरिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना में पुलिस ने कमलेश भारती नामक पिता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपनी 23 वर्षीय बेटी नेहा भारती को मोबाइल फोन पर किसी युवक से बात करने को लेकर नाराज़गी में घर में रखे हंसिए से गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। प्रारंभ में परिवार ने इसे “हादसा” बताया, लेकिन पुलिस जांच में कई विरोधाभास सामने आने पर असलियत खुल गई और आरोपी पिता ने अपनी गलती कबूल कर ली।

पुलिस के अनुसार, 13 मार्च को दोनों के बीच मोबाइल बातचीत को लेकर बहस हुई थी। गुस्से में कमलेश ने पहले बेटी को थप्पड़ मारा, फिर हंसिए से कई बार उस पर वार किया। गंभीर चोटें आने पर परिजन उसे पहले सीएचसी पिपराइच और फिर बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहाँ उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हंसिए को भी बरामद कर पूछताछ शुरू कर दी है।



