जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में रंगदारी, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। बालाजी मार्बल के संचालक विश्वनाथ दीवान ने थाना में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनसे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। विरोध करने पर उन पर हमला किया गया और नकदी छीन ली गई।
Advertisements

Advertisements

पीड़ित के अनुसार, उनका गोदाम झबरी बस्ती के पास पिछले लगभग 30 वर्षों से संचालित है। 3 फरवरी 2026 की रात राजस्थान नंबर RJ0GD9227 से टाइल्स का माल आया था। 4 फरवरी की सुबह कर्मचारी रोहन और विशाल माल उतार रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग हथियारों के साथ पहुंचे और माल उतारने से रोकते हुए गाली-गलौज करने लगे। सूचना मिलने पर जब विश्वनाथ दीवान मौके पर पहुंचे तो कथित तौर पर उनके साथ लोहे की रॉड से मारपीट की गई।
उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने व्यवसाय चलाने के लिए एक लाख रुपये की मांग की और विरोध करने पर उनकी जेब से करीब 15 हजार रुपये छीन लिए। साथ ही ट्रक चालक को गाड़ी में आग लगाने की धमकी दी गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला गया और घायल व्यवसायी का इलाज कराया गया। पीड़ित का कहना है कि इससे पहले भी कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।
विश्वनाथ दीवान ने सोनारी थाना में आवेदन दिया है और इसकी प्रति वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को भी भेजी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
मामले को लेकर स्थानीय व्यवसायियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।