परसुडीह में तेल कारोबारी की दुकान से 44 लाख का गबन, भरोसेमंद कर्मचारी निकला आरोपी
Vector illustration of the word Fraud in red ink stamp


जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कृषि उत्पाद बाजार समिति में स्थित तेल कारोबारी संजय शर्मा की दुकान से 44 लाख रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे फर्जीवाड़े को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि दुकान में काम करने वाले कर्मचारी ने ही अंजाम दिया।

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब कारोबारी ने अपनी दुकान की नियमित ऑडिट कराई। ऑडिट रिपोर्ट में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी सामने आने के बाद जांच आगे बढ़ी और सच्चाई धीरे-धीरे उजागर होती चली गई।
जांच में आरोपी की पहचान अर्पित ऋषि के रूप में हुई है, जो सुंदरनगर थाना क्षेत्र के ब्यांगबिल हाड़तोपा गांव का निवासी बताया जा रहा है। अर्पित पिछले करीब पांच महीनों से दुकान में काम कर रहा था और मालिक का भरोसा जीतकर उसे माल की डिलिवरी और रजिस्टर संभालने की पूरी जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।
इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने गबन की साजिश रची। वह जिन स्थानों पर सामान पहुंचाने के लिए भेजा जाता था, वहां माल न देकर कहीं और डिलिवर कर देता था। इसके बाद वह फर्जी बिल तैयार कर दुकान में जमा कर देता था। चूंकि रजिस्टर का पूरा काम उसी के पास था, इसलिए लंबे समय तक इस धोखाधड़ी का पता नहीं चल सका।
बताया गया है कि आरोपी की नीयत 20 फरवरी 2025 से बदल गई थी। 20 फरवरी से 20 जुलाई 2025 के बीच उसने कुल 44 लाख रुपये का गबन किया। औसतन हर महीने करीब 9 लाख रुपये की हेराफेरी की जा रही थी।
ऑडिट में गड़बड़ी सामने आने की भनक लगते ही आरोपी दुकान आना बंद कर फरार हो गया। पीड़ित कारोबारी ने इस संबंध में परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे गबन नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।



