दिलजीत दोसांझ ने अमिताभ बच्चन के पैर छूकर कर दी गलती,खालिस्तानी संगठन ने दी धमकी, कॉन्सर्ट बंद कराने का किया ऐलान


मुंबई:सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में हैं. हाल ही में उन्होंने सिडनी में शो किया. वहीं अब वो ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एक और शो करने वाले हैं. हालांकि उनके अगले शो पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. खालिस्तानी संगठन ने उन्हें धमकी दी है और इस मामले का कनेक्शन दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन से है.खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के संगठन, सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ को धमकी दी है. इसके अलावा 1 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में गायक के होने वाले म्यूजिक कॉन्सर्ट को रद्द करने के लिए कहा है.आतंकी संगठन के मुताबिक, अमिताभ बच्चन वो बॉलीवुड एक्टर हैं, जिन्होंने 31 अक्टूबर 1984 को ‘खून का बदला खून के नारे के साथ हिंदुस्तानी भीड़ को उकसाया था, जिसके बाद हिंसक दस्तों ने नरसंहार किया. इसमें 30,000 से ज्यादा सिख लोग मारे गए थे. ऐसे में दिलजीत दोसांझ के बिग बी के पैर छूने से ये गैंग भड़क उठा है.बता दें कि 1 नवंबर को दिलजीत दोसांझ का ऑस्ट्रेलिया में कॉन्सर्ट है और उसी दिन को अकाल तख्त साहिब ने सिख नरसंहार स्मृति दिवस के तौर पर मनाने का फैसला लिया है.एक बयान में खालिस्तानी संगठन के सरगना गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कहा कि दोसांझ ने बच्चन को सम्मान देकर ‘1984 के सिख नरसंहार के प्रत्येक पीड़ित, विधवा और अनाथ का अपमान किया है.’ पन्नू ने दावा किया कि अमिताभ बच्चन ने 31 अक्टूबर 1984 को ‘खून का बदला खून’ जैसा नारा दिया था। इस तरह उन्होंने भीड़ को उकसाया था. इसके बाद ही सिखों का नरसंहार करने वाली भीड़ निकली थी.दोसांझ के कार्यक्रम की तारीख को लेकर भी उसने निशाना साधा और कहा कि यह तो सिख पीड़ितों का मजाक उड़ाने जैसा है. सिख्स फॉर जस्टिस ने कहा कि वह 1 नवंबर को कार्यक्रम स्थल के बाहर एक रैली निकालेगा और उसने अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज को पत्र लिखकर दोसांझ को तलब करके उनके कृत्य पर स्पष्टीकरण देने का अनुरोध किया है.




